रुद्रपुर। पुलिस लाइन में तैनात एएसआई संजय खाती (54) का आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। एसपी क्राइम जितेंद्र चौधरी समेत कई पुलिस कर्मियों ने पुलिस लाइन पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मूल रूप से गंगोलीहाट, पिथौरागढ़ निवासी संजय खाती वर्ष 1990 में पुलिस विभाग में आरक्षी पद पर भर्ती हुए थे। वर्तमान में वह पुलिस लाइन रुद्रपुर में तैनात थे। वह परिवार के साथ कोतवाली स्थित आवासीय परिसर में रह रहे थे।
बताया गया कि सोमवार सुबह ड्यूटी करने के बाद वह घर लौटे थे। दिन में आराम करने के बाद शाम को फिर सो गए। रात में ड्यूटी पर जाने का समय होने पर पत्नी ने उन्हें उठाने का प्रयास किया, लेकिन वह बेहोशी की हालत में मिले। इसके बाद परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। एएसआई खाती के निधन से सहकर्मियों और परिचितों में गहरा शोक है।



