जसपुर। रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा स्थापना में हो रही देरी को लेकर विधायक आदेश सिंह चौहान ने नाराजगी जताई है। उन्होंने एसडीएम से मुलाकात कर एक वर्ष पूर्व दिए गए प्रार्थनापत्र पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। इस पर एसडीएम ने कहा कि कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बृहस्पतिवार को विधायक आदेश सिंह चौहान एसडीएम कार्यालय पहुंचे और एसडीएम राहुल शाह को बताया कि नगर में रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा स्थापित कराने के लिए उन्होंने नियमानुसार एक वर्ष पहले आवेदन किया था, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि देरी के चलते उन्हें स्वयं प्रतिमा स्थापना के लिए बाध्य होना पड़ा।
गौरतलब है कि 15 अप्रैल को इस मुद्दे पर वर्तमान विधायक आदेश सिंह चौहान और पूर्व विधायक डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल आमने-सामने आ गए थे। मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय कमेटी गठित की गई है, जो स्थलीय निरीक्षण सहित विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट आने में करीब एक सप्ताह का समय लग सकता है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विधायक ने कहा कि वह महाराजा अग्रसेन का भी सम्मान करते हैं और उनकी प्रतिमा स्थापना को लेकर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि संबंधित समाज के लोग स्थान चिह्नित कर देते हैं तो वह अपनी विधायक निधि से सौंदर्यीकरण कर प्रतिमा स्थापित कराएंगे।



