रुद्रपुर। नगर निगम कार्यालय में बुधवार को मेयर विकास शर्मा ने जल संस्थान व जल निगम के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि पेयजल आपूर्ति में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मेयर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी अमृत योजना के तहत 750 फीट की गहराई से पानी निकाला जा रहा है, जिसे घर-घर पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए प्रथम चरण में रंपुरा, संजयनगर खेड़ा और सुभाष कॉलोनी को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चुना गया है। इन क्षेत्रों के निवासियों को नए पानी के कनेक्शन निशुल्क दिए जाएंगे, जिसका पूरा खर्च नगर निगम वहन करेगा।
जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए अब प्रत्येक सोमवार को जल संस्थान के जेई नगर निगम कार्यालय में अनिवार्य रूप से बैठेंगे। इससे लोग सीधे शिकायत दर्ज करा सकेंगे और नए कनेक्शन से संबंधित फाइलों का शीघ्र निस्तारण होगा। शिकायतों की निगरानी के लिए जल्द ही टोल-फ्री नंबर भी जारी किया जाएगा।
बैठक में विभागीय समन्वय पर जोर देते हुए मेयर ने कहा कि जहां पाइपलाइन खराब है या स्टाफ की कमी है, वहां नगर निगम की टीम मरम्मत कार्य करेगी, जबकि जल संस्थान आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराएगा।
जो लोग व्यक्तिगत कनेक्शन नहीं ले सकते, उनके लिए वार्डों में स्टैंड पोस्ट लगाए जाएंगे ताकि उन्हें भी निशुल्क पानी मिल सके। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर वाटर कूलर लगाए जाएंगे और जरूरत वाले क्षेत्रों में पानी के टैंकरों की संख्या बढ़ाई जाएगी। गर्मी को देखते हुए बेजुबान पशुओं के लिए भी शहर में विभिन्न स्थानों पर पानी के टब रखवाने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, सहायक नगर आयुक्त रणदीप, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. पीयूष रंजन, राजू नबियाल, तरुण शर्मा, एसडीओ अन्नु अरोरा, अधिशासी अभियंता राकेश कुमार, सीएमएम मनोज कर्नाटक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



