रुड़की/देहरादून। सीबीएसई हाईस्कूल परीक्षा परिणाम में इस बार छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर बाजी मारी है। रुड़की स्थित माउंट लिटेरा स्कूल की छात्रा निशिता ने 99.2 प्रतिशत अंक हासिल कर स्कूल टॉप किया। इसी स्कूल की आयशा 98.8 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। वहीं, एक अन्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल की चार छात्राओं ने 98.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
जौनसार क्षेत्र में भी प्रतिभाओं ने अपनी चमक बिखेरी। जौनसार पब्लिक स्कूल, चकराता की छात्रा स्वर्णिका राणा ने 99.2 प्रतिशत अंक हासिल कर स्कूल में पहला स्थान प्राप्त किया। खास बात यह रही कि उन्होंने दो विषयों में 100 में से 100 अंक और दो विषयों में 99 अंक हासिल किए।
वहीं, देहरादून रीजन का कुल परिणाम इस वर्ष 91.59 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो पिछले वर्ष के 90.97 प्रतिशत के मुकाबले बेहतर है। हालांकि, रैंकिंग में देहरादून रीजन इस बार 22 संभागों में 16वें स्थान पर रहा, जबकि पिछले वर्ष 17 संभागों में 13वें स्थान पर था।
परिणामों में सुधार के बावजूद रैंकिंग में गिरावट चिंता का विषय बनी हुई है, लेकिन मेधावी छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने क्षेत्र का मान बढ़ाया है।



