देहरादून/रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में मौसम का मिजाज सोमवार को भी बिगड़ा रहा। बदरीनाथ और यमुनोत्री धाम में बारिश हुई, जबकि केदारनाथ धाम में लगातार बर्फबारी और कड़ाके की ठंड के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ।
बीते कुछ दिनों से जारी बारिश और मौसम में उतार-चढ़ाव के बावजूद यात्रा पर खास असर नहीं पड़ा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंच रहे हैं। यात्रा शुरू होने के महज 12 दिनों में ही तीन लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं।
बर्फबारी के बीच पुलिस बल श्रद्धालुओं को कतारबद्ध कर सुगम दर्शन करा रहा है। कठिन मौसम के बावजूद पुलिस, प्रशासन और बदरी-केदार मंदिर समिति के कर्मचारी पूरी मुस्तैदी से अपने दायित्व निभा रहे हैं। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे पर्याप्त गर्म कपड़े, रेनकोट और जरूरी दवाइयां साथ लेकर ही यात्रा पर निकलें।
यमुनोत्री में बारिश से बढ़ी ठंड, श्रद्धालु परेशान
यमुनोत्री धाम सहित यमुना घाटी में तेज गर्जना के साथ बारिश हुई। फिलहाल यमुनोत्री हाईवे और जानकीचट्टी-यमुनोत्री पैदल मार्ग पर आवाजाही सुचारू बनी हुई है।
यमुनोत्री धाम से सुरेश नौटियाल ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है और ठंड में इजाफा हुआ है। धाम में श्रद्धालुओं के लिए बारिश से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।



